कानपुर। जी.टी. रोड के समानांतर अनवरगंज–मंधना खंड पर रेल ट्रैक को एलिवेटेड करने की परियोजना अंतर्गत जरीब चौकी क्रॉसिंग पर आर.ओ.बी. (फ्लाईओवर) निर्माण को लेकर व्यापारियों की आशंकाएँ दूर कर दी गईं।
मा. मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन सहित रेलवे और सेतु निगम के अधिकारी तथा व्यापारी वर्ग मौजूद रहे।
व्यापारियों ने आशंका जताई कि निर्माण कार्य से उनके व्यवसाय पर असर पड़ेगा। इस पर रेलवे के मुख्य अभियंता आर.के. सिंह ने बताया कि डी.पी.आर. बनाते समय सभी संभावित समस्याओं पर विचार किया गया है और व्यापारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में दिए गए सुझावों पर पुनः स्थल निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार संशोधन करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री एवं सांसदों ने कहा कि यह परियोजना कानपुर के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी, जिससे आम जनता और व्यापारियों दोनों को लाभ मिलेगा।