कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस–2025 के अवसर पर वृहद खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ से मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर दिखाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने दीप प्रज्ज्वलित कर और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द को नमन कर किया। इस मौके पर उन्होंने मैत्री हॉकी मैच का शुभारंभ भी किया।
विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 बालक और 10 बालिका खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि खेल जीवन में उत्कृष्टता और राष्ट्र को नई दिशा देते हैं। सांसद देवेंद्र सिंह भोले व रमेश अवस्थी ने भी खेलों को राष्ट्रीय एकता व गौरव से जोड़ते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों व नागरिकों को फिट इंडिया शपथ दिलाई गई। मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी व छात्र-छात्राएँ मौजूद रहीं।
ग्रीन पार्क में राष्ट्रीय खेल दिवस पर भव्य कार्यक्रम, खिलाड़ियों को सम्मान