सरकार से कार्ययोजना पर मांगा स्पष्टीकरण, जवाब नहीं मिला तो 20 नवंबर से आंदोलन की चेतावनी
कानपुर। ऑपरेशन विजय बुराइयों के खिलाफ जंग ने नशा मुक्ति अभियान को लेकर 2 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय मुख्यालय बैठक को मंडल स्तर पर आयोजित करने का फैसला लिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवमंगल सिंह ने बताया कि कानपुर मंडल की बैठक ऑपरेशन विजय मुख्यालय में होगी, जिसमें मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार को नशा मुक्ति को लेकर कार्ययोजना और स्पष्ट स्पष्टीकरण मांगा गया है। संगठन ने 15 अगस्त को उत्तर प्रदेश को पूर्ण नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए 2 अक्टूबर तक विधानसभा में नशा मुक्ति से संबंधित विधेयक लाने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर से प्रदेश और इसके बाद देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। शिवमंगल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 2029 तक नशा मुक्त भारत के लक्ष्य की घोषणा के बाद संगठन ने अपनी अगली रणनीति तय करने के लिए बैठकें मंडल स्तर पर करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से तय समय में ठोस रोडमैप पर जवाब नहीं मिला तो मुख्यालय में अगली बैठक बुलाकर 20 नवंबर से प्रस्तावित आंदोलन शुरू किया जाएगा।