हिंदी पखवाड़े में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

कानपुर। जुहारी देवी गर्ल्स पीजी कॉलेज के मुख्य सभागार में गुरुवार को हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत साहित्यिक विचार गोष्ठी एवं सारस्वत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के हिंदी विषय संयोजक एवं वीएसएसडी कॉलेज के हिंदी विभाग के प्रभारी प्रो. राकेश कुमार शुक्ल ने कहा कि शब्द जब अंत:करण की साधना बनते हैं, तब कालजयी साहित्य का सृजन होता है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर अध्ययन, स्वतंत्र चिंतन और शोधपरक दृष्टि विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. राकेश कुमार शुक्ल, प्राचार्या प्रो. रंजू कुशवाहा और हिंदी विभाग की प्रभारी व कार्यक्रम संयोजिका प्रो. अलका द्विवेदी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। संगीत विभाग की डॉ. ग्रावांक्षा गुप्ता के निर्देशन में छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि और निर्णायक मंडल की प्रो. सुनीता द्विवेदी, प्रो. अर्चना दीक्षित, डॉ. कल्पना गौड़ एवं डॉ. कीर्ति मिश्रा का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।‌प्राचार्या प्रो. रंजू कुशवाहा ने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति की आत्मा और राष्ट्रीय अस्मिता का गौरवशाली प्रतीक है। ऐसे आयोजन छात्राओं में साहित्यिक चेतना और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। प्रो. अलका द्विवेदी ने मुख्य अतिथि का सारस्वत परिचय प्रस्तुत करते हुए उनके साहित्यिक योगदान और कृतियों का उल्लेख किया। इसके बाद हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित आशु साहित्य लेखन और स्लोगन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति-चिह्न, पुस्तक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। करीब 100 छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
निबंध लेखन में शुभी पाण्डेय प्रथम, मोजी द्वितीय, मुस्कान सेन तृतीय और रुचि कुमारी को सांत्वना पुरस्कार मिला। कहानी लेखन में मुस्कान दीक्षित प्रथम, आराध्या वाजपेई द्वितीय, अंशिका दुबे तृतीय और तनुश्री दास को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कविता लेखन में श्रेया ओमर प्रथम, पल्लवी शुक्ला द्वितीय, मोजी तृतीय तथा दिव्यमा अवस्थी को सांत्वना पुरस्कार मिला। स्लोगन प्रतियोगिता में करिश्मा वर्मा प्रथम, साक्षी मिश्रा द्वितीय, दिव्यमा अवस्थी तृतीय और आकांक्षा सिंह को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
यूजीसी नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण छात्राओं एवं हिंदी विभाग के शोधार्थियों को भी उत्कृष्ट अकादमिक योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र और पुस्तक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कीर्ति मिश्रा एवं डॉ. रुति कटियार ने किया। मंच सज्जा डॉ. कल्पना गौड़ के संयोजन में हुई। समापन पर मुख्य अतिथि को स्मृति-चिह्न एवं उत्तरीय भेंट किया गया। सह-संयोजिका आरती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान प्रो. सुनीता द्विवेदी, प्रो. अल्पना राय, प्रो. अर्चना दीक्षित, प्रो. चांदनी सक्सेना, डॉ. कशिश, डॉ. रेजू सहित शिक्षिकाएं, कर्मचारी, शोधार्थी और छात्राएं मौजूद रहीं। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद