कानपुर। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलबाजार पुलिस ने एक युवती को 8.295 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।थाना प्रभारी अमान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शिव नारायण टंडन पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पैराशूट फैक्ट्री की ओर से एक युवती ट्रॉली और पिट्ठू बैग लेकर आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही वह घबराकर पीछे मुड़ी और तेजी से भागने का प्रयास करने लगी। संदेह होने पर महिला पुलिस कर्मियों की मदद से उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान ट्रॉली और पिट्ठू बैग से खाकी टेप से सील किए गए चार पैकेट बरामद हुए। जांच में पैकेटों के अंदर 8.295 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। पूछताछ में युवती ने अपना नाम चांदनी जोशी (22), निवासी अजीतगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर बताया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने गांजा भुवनेश्वर, ओडिशा से लाने की बात स्वीकार की है।रेल बाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रेल बाजार पुलिस ने 8.295 किलो गांजे के साथ युवती दबोची