कानपुर। रेलबाजार थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रामलीला ग्राउंड के पास घेराबंदी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से प्रिंटर और भारी मात्रा में कूट रचित (फर्जी) नोट बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे प्रिंटर की मदद से ₹500, ₹100 और ₹50 के नकली नोट तैयार करते थे। इसके बाद इन नोटों को स्थानीय बाजारों में असली बताकर खपाया जाता था। पुलिस टीम ने मौके से नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर भी बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा नकली नोटों की छपाई और सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रेलबाजार में नकली नोट गिरोह पकड़ा