UPT20 ऑक्शन में कर्ण सबसे महंगे, शुभम गौतम पर 21.50 लाख की बोली

कानपुर सुपरस्टार्स ने कर्ण शर्मा को ₹23 लाख में खरीदा, 14 अगस्त से शुरू होगा चौथा सीजन

आगरा/कानपुर। उत्तर प्रदेश टी-20 (UPT20) लीग के चौथे सीजन के लिए शुक्रवार को आगरा में खिलाड़ियों की नीलामी संपन्न हुई। ऑक्शन में अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। कानपुर सुपरस्टार्स ने उन्हें ₹23 लाख में अपनी टीम में शामिल किया। वहीं, यूपीसीए स्पीड हंट से उभरकर आए युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम पर भी बड़ी बोली लगी और नोएडा किंग्स ने उन्हें ₹21.50 लाख में खरीदा।
ऑक्शन में युवा खिलाड़ियों को भी फ्रेंचाइजियों ने जमकर मौका दिया। शिवम चौधरी के लिए लखनऊ फाल्कन्स और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन अंततः गोरखपुर लायंस ने ₹21 लाख की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। नोएडा किंग्स ने शिवा सिंह को ₹17.50 लाख में खरीदा, जबकि मोहम्मद शारिम को काशी रुद्रास ने ₹17.50 लाख में अपने साथ जोड़ा।
इस अवसर पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि UPT20 लीग का प्रभाव अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। पिछले तीन सत्रों के दम पर इस वर्ष 18 खिलाड़ी आईपीएल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईपीएल फ्रेंचाइजियों के स्काउट्स इस लीग पर लगातार नजर रखते हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को बड़ा मंच मिल रहा है।
UPT20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सपनों को साकार करने का मंच बन चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि चौथा सीजन भी युवा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर लेकर आएगा।
UPT20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होगा। उद्घाटन मुकाबला काशी रुद्रास और मेरठ मेवरिक्स के बीच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद टूर्नामेंट का दूसरा चरण, प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद