परमट मंदिर की व्यवस्थाओं पर संत नाराज, खुद संभाली कमान

सावन मेले की तैयारियों को लेकर एमएलसी सलिल विश्नोई व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, अव्यवस्थाएं दूर करने के निर्देश

कानपुर। सावन माह में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र परमट स्थित प्राचीन श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर की तैयारियों में हो रही देरी और अव्यवस्थाओं को लेकर जूना अखाड़े के संतों ने गहरी नाराजगी जताई है। व्यवस्थाएं समय पर पूरी न होने पर संतों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के मार्गों का निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जूना अखाड़े के संरक्षक एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री परम पूज्य श्री हरि गिरि महाराज के निर्देश पर संतों के प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आसपास फैली गंदगी, मुख्य मार्गों पर खुदाई और फिसलन की स्थिति पर चिंता जताई गई।
इसके बाद मंदिर परिसर में एमएलसी सलिल विश्नोई की मौजूदगी में बिजली विभाग, नगर निगम, जलकल, पुलिस और नलकूप विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। संतों ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को चार लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में श्रद्धालुओं के मार्गों की खुदाई तत्काल भरने, रास्तों को फिसलनमुक्त बनाने, मंदिर परिसर व आसपास युद्धस्तर पर सफाई कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में हितेश्वर गिरी महाराज, विवेकपुरी महाराज, अत्रीवन महाराज, प्रसन्नपुरी महाराज, मथुरा गिरी महाराज, डॉ. सुनील गिरी महाराज और मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार ‘अंश’ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सावन मेले की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद