रेलबाजार थाना क्षेत्र की मीरपुर बस्ती में बेदखली पर तीन माह की मोहलत मांगने पहुंचे भाजपा नेता

कानपुर। छावनी विधानसभा क्षेत्र के सुलभ नंबर-35, मीरपुर कैंट में प्रस्तावित बेदखली कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासियों की बढ़ती चिंता के बीच भाजपा नेता डॉ. रोहित सक्सेना ने प्रशासन से मानवीय आधार पर तीन माह की मोहलत देने की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर अनुरोध किया कि बरसात के मौसम में किसी भी परिवार को बेघर न किया जाए और प्रभावित लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।
डॉ. रोहित सक्सेना ने कहा कि बारिश के दौरान बेदखली की कार्रवाई से अनेक परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई के बजाय कम से कम तीन माह का समय देना चाहिए, ताकि लोग सम्मानपूर्वक अपने रहने की दूसरी व्यवस्था कर सकें।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे का समर्थन करना नहीं है, बल्कि केवल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि बरसात के बीच लोगों को बेघर करना उचित नहीं होगा और प्रशासन को इस पहलू पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
डॉ. सक्सेना ने कहा कि पिछले एक दशक से अधिक समय तक छावनी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व विपक्षी दलों के पास रहा। उनके अनुसार वर्षों तक वोट बैंक की राजनीति के कारण अवैध बस्तियां बसती रहीं, लेकिन अब जब प्रशासन अपनी भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई कर रहा है तो स्थानीय लोगों को अपने जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जनप्रतिनिधि सरकार में न होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं, जबकि वे विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन, विधायक निधि और अन्य सुविधाओं का लगातार लाभ उठा रहे हैं। यदि वास्तव में जनता के प्रति संवेदनशीलता होती तो केवल बयानबाजी करने के बजाय प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए ठोस प्रयास किए जाते।
भाजपा नेता ने कहा कि यह संभव है कि भविष्य में इस क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक लाभ न मिले, लेकिन संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ा होना भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। राजनीति से ऊपर उठकर मानवता को प्राथमिकता देना ही उनका उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग को लिखित रूप से अनुरोध किया गया है कि कम से कम तीन माह तक बेदखली की कार्रवाई स्थगित रखी जाए, ताकि बरसात समाप्त होने तक प्रभावित परिवार सुरक्षित तरीके से अपने रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें। डॉ. रोहित सक्सेना ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की कि वे भविष्य में ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करें जो कठिन समय में जनता के साथ खड़े रहें और केवल बयान देने तक सीमित न रहें। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि बरसात के मौसम में कोई भी परिवार बेघर न हो तथा प्रशासन मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद