इनरव्हील क्लब का कॉलर एक्सचेंज समारोह संपन्न

कानपुर। इनरव्हील क्लब ऑफ कानपुर इंडस्ट्रियल के नवीन सत्र का शुभारंभ शनिवार को आध्यात्मिक एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित कॉलर एक्सचेंज समारोह के साथ हुआ। समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष सिम्मी मदान ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. विनीता भार्गव को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर विधिवत पदभार एवं दायित्व सौंपा। पूरे कार्यक्रम में रामभक्ति, सेवा और संगठनात्मक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह की मुख्य अतिथि इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. मनीषा बाजपेयी रहीं। कार्यक्रम में क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट नूपुर गुप्ता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन, पूर्व अध्यक्षाएं तथा शहर के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में क्लब की सक्रिय भूमिका की सराहना की।
कॉलर एक्सचेंज के बाद प्रस्तुत विशेष कार्यक्रम “मेरे राम” समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। क्लब की नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी केसरिया परिधान धारण कर रामधुन के साथ मंच पर पहुंचे, जिससे पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण में डूब गया। इसके पश्चात भगवान गणेश की वंदना और श्रद्धापूर्वक सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। मंत्रोच्चार, भजन, सामूहिक गायन और श्रीराम-हनुमान की भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उपस्थित लोगों ने पूरे कार्यक्रम में भक्ति रस का आनंद लिया।
नई कार्यकारिणी में वंदना मलानी ने सचिव, भारती मालपानी ने कोषाध्यक्ष तथा शिल्पी गुप्ता ने आईएसओ का कार्यभार संभाला। इसके अलावा अल्पा जैन, अनीता लाहोटी, रितु अग्रवाल, नर्मिता सेठ, सुचिता बरासिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने दायित्व ग्रहण किए और समाजसेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. विनीता भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि इनरव्हील केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, मित्रता और संवेदनशीलता का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि नई टीम शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से मिलकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा बाजपेयी ने कहा कि कानपुर इंडस्ट्रियल क्लब ने कॉलर एक्सचेंज समारोह को आध्यात्मिक स्वरूप देकर एक नई मिसाल पेश की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सेवा परियोजनाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेगी और इनरव्हील की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
निवर्तमान अध्यक्ष सिम्मी मदान ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम भावना और सेवा के संकल्प के कारण क्लब ने अनेक सामाजिक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किए। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि क्लब आने वाले वर्ष में भी जरूरतमंदों की सेवा, महिला कल्याण, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा।
समारोह के दौरान सभी सदस्यों ने सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में आध्यात्मिकता, अनुशासन और सामाजिक सेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद