कानपुर। शिवसेना (यूबीटी) कानपुर इकाई ने संगठन के नाम का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की है। पार्टी की ओर से जारी एक महत्वपूर्ण सूचना में स्पष्ट किया गया है कि कानपुर जिले में संगठन की अधिकृत जिला कमेटी का गठन 18 मई 2026 को किया जा चुका है तथा अध्यक्ष सहित 21 पदाधिकारियों की प्रथम सूची जारी की गई थी। इसके अतिरिक्त वर्तमान समय में कानपुर नगर में कोई अन्य अधिकृत पदाधिकारी नहीं है। जिलाध्यक्ष शिवकुमार विश्वकर्मा ने कहा कि संगठन के संज्ञान में यह बात आई है कि कुछ लोग स्वयं को शिवसेना (यूबीटी) का पदाधिकारी बताकर पार्टी का नाम और पद का गलत इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों का संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि को धूमिल करने और कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ संगठन आवश्यक कानूनी एवं संगठनात्मक कार्रवाई करेगा।
उन्होंने बताया कि शिवसेना (यूबीटी) कानपुर की जिला इकाई पूरी तरह सक्रिय है और सभी अधिकृत पदाधिकारियों की जानकारी संगठन के पास उपलब्ध है। यदि कोई व्यक्ति अपने नाम के आगे पार्टी का पद लिखकर कार्य कर रहा है और उसका नाम अधिकृत सूची में शामिल नहीं है, तो उसे फर्जी माना जाएगा।
शिवकुमार विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा स्वयं को शिवसेना (यूबीटी) का पदाधिकारी बताने या संगठन के नाम का अनुचित उपयोग करने की जानकारी मिले तो तत्काल इसकी सूचना जिला इकाई को उपलब्ध कराएं। सूचना मिलने पर तथ्यों की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि संगठन अनुशासन और पारदर्शिता के सिद्धांतों पर कार्य करता है तथा किसी भी प्रकार की फर्जीवाड़े की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से केवल अधिकृत पदाधिकारियों से ही संपर्क रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संगठन को देने का आह्वान किया है।
फर्जी पदाधिकारियों से सावधान रहें, सूचना मिलने पर होगी कार्रवाई : शिवसेना (यूबीटी)