डीएम ने किया सामूहिक योगाभ्यास, 21 जून को ग्रीन पार्क में अधिक भागीदारी की अपील
कानपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित “योग सप्ताह” के प्रथम दिन सोमवार को नानाराव पार्क में नगर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि “करो योग, रहो निरोग” स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि यदि योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल किया जाए तो अनेक बीमारियों से बचाव संभव है और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने जनपदवासियों से 21 जून को ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित मुख्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। डीएम ने बताया कि योग सप्ताह के दौरान नानाराव पार्क, माल रोड, फूलबाग समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रतिदिन योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, अपर जिलाधिकारी नगर, आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे और सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता की।