क्राइम ब्रांच और जूही पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार गिरफ्तार, अवैध असलहे और गोवंश बरामद
कानपुर। महानगर में अपराध और गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जूही थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार देर रात स्वदेशी मिल कंपाउंड इलाके में पुलिस और शातिर गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्राइम ब्रांच और जूही पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वदेशी मिल कंपाउंड क्षेत्र में कुछ गो-तस्कर सक्रिय हैं। सूचना पर संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों को आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन लगातार फायरिंग होने पर पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी।
मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान चाँद आलम और रेहान उर्फ सद्दाम के रूप में हुई है, जबकि मोहम्मद अमीर और श्याम तिवारी को मौके से गिरफ्तार किया गया। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश को मुक्त कराया है। इसके अलावा अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, भारी चापड़ और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल गो-कशी में किया जाना था।
जूही थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गो-वध निवारण अधिनियम, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी एक सक्रिय गिरोह का हिस्सा हैं, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में गो-तस्करी और गो-कशी की घटनाओं को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।