आरटीआई में खुला फर्जी प्लॉटिंग का खेल, तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
कानपुर। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास जमीन दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर एक युवक से 10.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। रावतपुर थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्रनाथ शाक्य ने आरोप लगाया है कि योगेश कुमार नाम के व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एयरपोर्ट के पास सस्ते प्लॉट दिलाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये वसूल लिए।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने दावा किया था कि जेवर एयरपोर्ट के पास तेजी से जमीन के दाम बढ़ रहे हैं और अभी निवेश करने पर कुछ ही समय में रकम दोगुनी-तिगुनी हो जाएगी। लालच में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में कुल 10.50 लाख रुपये दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब न तो प्लॉट की रजिस्ट्री हुई और न कब्जा मिला, तो उन्हें शक हुआ।
मामले की सच्चाई जानने के लिए पीड़ित ने यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) से आरटीआई के जरिए जानकारी मांगी। जवाब में पता चला कि जिस जमीन पर प्लॉटिंग का दावा किया गया था, वह यीडा की अधिसूचित भूमि है, जहां निजी प्लॉटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
ठगी का पता चलने पर जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने रावतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश कुमार समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और उनके नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।