कानपुर। जनपद में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी विकासखंडों में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खोलने की प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार को उन्होंने विकासखंड पतारा के ग्राम हथेही में प्रस्तावित विद्यालय हेतु चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग और अन्य जरूरी मानकों का जायजा लिया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में तीन एकड़ निर्विवादित भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। भूमि ऐसी हो जहां सुगम पहुंच मार्ग हो, हाईटेंशन लाइन न गुजरती हो और जमीन समतल हो। प्राथमिकता परिषदीय, राजकीय अथवा डायट परिसरों में उपलब्ध भूमि को दी जाएगी।
शासन के निर्देशानुसार जिन विकासखंडों में वर्तमान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित नहीं हैं, वहां नए विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। कानपुर नगर में फिलहाल एक भी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित नहीं है। ऐसे में भीतरगांव, बिधनू, बिल्हौर, चौबेपुर, घाटमपुर, ककवन, कल्याणपुर, पतारा, शिवराजपुर, सरसौल तथा नगर क्षेत्र में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय खोले जाने प्रस्तावित हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन विद्यालयों में छात्राओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पुस्तकें, यूनिफॉर्म समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को विशेष लाभ मिलेगा तथा विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित आवासीय वातावरण और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता से बालिकाओं का उच्च कक्षाओं में नामांकन बढ़ेगा और यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, तहसीलदार अंकिता पाठक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
हर ब्लॉक में खुलेंगे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डीएम ने शुरू कराया भूमि चिन्हांकन