कानपुर। श्री बाबा सिद्धनाथ अमरनाथ सेवा मंडल की ओर से बाबा अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए इस वर्ष भी विशाल भंडारे की सामग्री शनिवार को कानपुर से रवाना की गई। चकेरी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधिवत पूजन-अर्चन के बाद खाद्य सामग्री से भरे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान “जय बाबा बर्फानी” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने संस्था के सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा जैसे दुर्गम मार्ग में श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है और कानपुर की यह संस्था वर्षों से निस्वार्थ भाव से यह जिम्मेदारी निभा रही है।
संस्था के अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने बताया कि भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध, सात्विक और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए वाहनों में भारी मात्रा में आटा, चावल, दाल, घी, तेल, मसाले, चीनी और सूजी सहित अन्य राशन सामग्री भेजी गई है।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी और ठंडे इलाकों में यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओआरएस, सर्दी-खांसी, बुखार और दर्द निवारक दवाओं का भी पर्याप्त स्टॉक भेजा गया है। श्रद्धालुओं की थकान दूर करने के लिए बिस्कुट, नमकीन, चाय और कॉफी की व्यवस्था भी की गई है।
संस्था पदाधिकारियों के अनुसार खाद्य सामग्री के वाहन पहले पहुंचकर भंडारा स्थल पर तैयारियां पूरी करेंगे। इसके बाद संस्था के सेवादारों और शिवभक्तों का बड़ा जत्था भी बाबा अमरनाथ के जयकारों के साथ कानपुर से रवाना होगा।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।
बाबा अमरनाथ यात्रियों की सेवा को कानपुर से रवाना हुआ विशाल भंडारा