अनोखा प्रदर्शन : टूटी सड़क से परेशान पूर्व पार्षद ने कीचड़ में लेटकर किया दंडवत

जलकल व मेट्रो प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा, सड़क निर्माण न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

कानपुर। शहर के जूही वार्ड-14 में मेट्रो निर्माण के बाद बदहाल पड़ी सड़क को लेकर शनिवार को पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई न होने से नाराज पूर्व पार्षद श्याम पैलेस के पास सड़क पर बने गड्ढे और उसमें भरे गंदे पानी में लेट गए और दंडवत होकर अपना आक्रोश जताया।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रीय नागरिक मौके पर मौजूद रहे। लोगों ने मेट्रो प्रशासन और जलकल विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद ने गड्ढे के पास प्रतीकात्मक रूप से धूप-बत्ती जलाई तथा दूध और फूल चढ़ाकर सड़क निर्माण की “मन्नत” भी मांगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो प्रशासन और जलकल विभाग की लापरवाही चरम पर पहुंच चुकी है और अब सड़क निर्माण भगवान भरोसे ही दिखाई दे रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में सुनील कनौजिया ने बताया कि जूही हमीरपुर रोड एक प्रमुख अंतरराज्यीय मार्ग है, जहां प्रतिदिन भारी यातायात रहता है। पिछले दो से तीन वर्षों से मेट्रो और जलकल विभाग की लापरवाही के चलते सड़क खुदी पड़ी है और पूरी तरह बदहाल हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें एक सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भी शामिल हैं। इसके अलावा आए दिन हादसे हो रहे हैं और दो दर्जन से अधिक लोग घायल होकर हाथ-पैर तुड़वा चुके हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेट्रो का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही। जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज के कारण जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद और क्षेत्रीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद