ग्राम चौपाल में मंत्री ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कानपुर-प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गुरुवार को विकास खंड बिधनू की ग्राम पंचायत नगवां में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। मंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही कंपोजिट विद्यालय नगवां में स्थापित स्पेस लैब का अवलोकन कर विद्यार्थियों में विकसित हो रही वैज्ञानिक सोच और नवाचार की सराहना की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गीता देवी पत्नी सुजीत एवं शिवानी पत्नी सुधीर की गोदभराई कराई गई, जबकि नैन्सी विश्वकर्मा और राधिका का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इस दौरान बालिका सुहानी का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को घरौनी, आयुष्मान कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड, मिनी किट तथा अन्य योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मंत्री ने ग्राम प्रधान नगवां आशीष वाजपेयी को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही ग्राम पंचायत नगवां में 17.46 लाख रुपये की लागत से निर्मित बहुद्देश्यीय पंचायत भवन का लोकार्पण भी किया। पंचायत भवन में सात कक्ष, एक सभागार तथा महिला एवं पुरुषों के लिए दो-दो शौचालय बनाए गए हैं। यहां ग्रामीणों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड आवेदन, खतौनी नकल, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अशोक का पौधा भी रोपित किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) उपेंद्र पासवान, ग्राम प्रधान आशीष वाजपेयी, सीडीओ अभिनव जे. जैन, डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी, सीएमओ हरिदत्त नेमी, एसडीएम नर्वल विवेक कुमार मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद