ऑपरेशन मुस्कान के तहत जीआरपी की बड़ी सफलता, बलिया पुलिस को सकुशल सौंपी गई नाबालिग
कानपुर। जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत सराहनीय कार्रवाई करते हुए जनपद बलिया से अपहृत 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बालिका को कानपुर सेन्ट्रल रेलवे स्टेशन से खोज निकालने के बाद विधिक कार्रवाई पूरी कर बलिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना नरही, जनपद बलिया में एक 14 वर्षीय बालिका के अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में बलिया पुलिस ने जीआरपी कानपुर सेन्ट्रल से सहयोग मांगा था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन कर रेलवे स्टेशन परिसर में व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीमों ने प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों, सर्कुलेटिंग एरिया तथा विभिन्न ट्रेनों में सघन तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम को प्लेटफार्म संख्या 1/10 पर एक किशोरी अकेली बैठी मिली। हुलिए का मिलान करने पर उसकी पहचान अपहृत बालिका के रूप में हुई।
बालिका को तत्काल सुरक्षा में लेकर महिला हेल्प डेस्क पर लाया गया, जहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की गई। इसके बाद मामले की जानकारी थाना नरही पुलिस को दी गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद बालिका को बलिया से आए उपनिरीक्षक शिव कुमार कुशवाहा के सुपुर्द कर दिया गया।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि अभियान पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांचि, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी दुष्यन्त कुमार सिंह के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, उपनिरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक संदीप तिवारी सहित जीआरपी की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।