चलती कार में लहराया असलहा, वीडियो वायरल

इंस्टाग्राम रील में हथियार प्रदर्शन का मामला, चकेरी पुलिस पहचान और हथियार की वैधता की जांच में जुटी

कानपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने का एक और मामला सामने आया है। चकेरी क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चलती कार में बैठे एक युवक को खुलेआम असलहा लहराते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एक युवती भी कार में मौजूद दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वीडियो आरोपी युवक ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया था। पुलिस को उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर हथियारों के साथ कई अन्य फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सार्वजनिक मंच पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपी युवक क्षेत्र के एक भाजपा नेता का करीबी रिश्तेदार है। हालांकि पुलिस फिलहाल केवल तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
मामला संज्ञान में आते ही चकेरी पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, लोकेशन और समय की पुष्टि करने में जुटी है। इसके साथ ही कार में सवार युवक और युवती की पहचान स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इससे पहले भी ऐसे मामलों में शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने और आरोपियों को जेल भेजने जैसी कार्रवाई की जा चुकी है।
थाना प्रभारी चकेरी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि वायरल वीडियो की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद