एफआईएच महिला नेशंस कप के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित, सलिमा टेटे को मिली कमान

नई दिल्ली, 2 जून। हॉकी इंडिया ने 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2025-26 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी सलिमा टेटे करेंगी।
गोलकीपिंग की जिम्मेदारी अनुभवी सविता और बिचू देवी खरिबम संभालेंगी। रक्षा पंक्ति में सुषिला चानू पुखरामबाम, इशिका चौधरी, निक्की प्रधान और ज्योति जैसी अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इनके साथ ललथांतलुआंगी और शिल्पी डबास को भी मौका मिला है, जिन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपना सीनियर डेब्यू किया था। मिडफील्ड की कमान कप्तान सलिमा टेटे के हाथों में होगी। उनके साथ नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा और दीपिका सोरेंग टीम को मजबूती देंगी। वहीं आक्रमण पंक्ति में नवनीत कौर टीम की प्रमुख जिम्मेदारी निभाएंगी। उनके साथ दीपिका, रुतुजा दादासो पिसाल, इशिका, अन्नू, लालरेमसियामी और सोनम विपक्षी टीमों के खिलाफ गोल करने का प्रयास करेंगी।
भारतीय टीम हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटी है, जहां उसने पर्थ में चार मैचों की मैत्री श्रृंखला खेली थी। इस दौरे ने टीम को नेशंस कप से पहले महत्वपूर्ण तैयारी का अवसर दिया। भारत ने चार मुकाबलों की श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया को 2-2 की बराबरी पर रोका।
टूर्नामेंट में भारत को पूल-ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है, जबकि पूल-बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस शामिल हैं।
मुख्य कोच स्जोर्ड मारीने ने कहा कि नेशंस कप टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है। उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया दौरों से टीम को अच्छी तैयारी मिली है और अब लक्ष्य पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि अनुभव और युवा जोश का संतुलन रखने वाली यह टीम ऑकलैंड में अच्छा प्रदर्शन करेगी।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जून को अमेरिका के खिलाफ करेगा। इसके बाद 16 जून को जापान और 18 जून को उरुग्वे से मुकाबला होगा। सेमीफाइनल 20 जून तथा फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।

भारतीय टीम (20 सदस्यीय):

गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खरिबम।

डिफेंडर: सुषिला चानू पुखरामबाम, इशिका चौधरी, ललथांतलुआंगी, शिल्पी डबास, ज्योति, निक्की प्रधान।
मिडफील्डर: सलिमा टेटे (कप्तान), नेहा, सुनेलिता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम, लालरेमसियामी।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसाल, इशिका, अन्नू।फोटो कैप्शन: एफआईएच महिला हॉकी नेशंस कप 2025-26 के लिए घोषित भारतीय महिला हॉकी टीम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद