कानपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने तिलक हाल स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मंत्री और विधायक भ्रष्टाचार कर अपनी तिजोरियां भरने में लगे हैं, जबकि प्रदेश की जनता लगातार गरीब होती जा रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं और मंत्रियों की संपत्ति की जांच कराने की मांग की।
प्रेस वार्ता में कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता, ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। अंशू अवस्थी ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कानपुर, जो कभी देश का औद्योगिक केंद्र माना जाता था, आज उद्योगों के बंद होने और रोजगार खत्म होने की वजह से बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विपक्ष की आवाज दबाने का काम किया जा रहा है। महोबा की दलित छात्रा प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे थे, तब उन्हें रोकने की कोशिश की गई और उनके खिलाफ प्रदर्शन कराया गया।
अंशू अवस्थी ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना, आयोध्या भूमि खरीद और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने जैसे मामलों का जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की संपत्तियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार से नाराज है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, मंत्रियों-विधायकों की संपत्ति की हो जांच