ऑपरेशन त्रिनेत्र से पुलिस को बड़ी सफलता, शातिर चोर हर्षित उर्फ कालू गिरफ्तार

कानपुर कमिश्नरेट के बिठूर थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। डीसीपी वेस्ट के निर्देशन में कार्य कर रही बिठूर थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” की मदद से एक शातिर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और ताले काटने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हर्षित कुशवाहा उर्फ कालू निवासी बलराम नगर, बिठूर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर गौरी अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपी को उस समय दबोच लिया गया, जब वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। पुलिस टीम काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कन्नौज से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का अवैध देसी तमंचा, पांच जिंदा कारतूस तथा दुकानों और घरों के ताले तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला मजबूत कटर बरामद किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर कन्नौज से बाइक चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों कानपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बिठूर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित देसी शराब ठेके के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।
स्थानीय पुलिस ने जब लावारिस हालत में खड़ी बाइक की जांच की, तो उसमें टंगे बैग से अवैध तमंचा और ताला काटने वाला कटर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। आरोपी तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
डीसीपी वेस्ट के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत घटनास्थल और आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी के हुलिए, गतिविधियों और भागने के रास्ते की जानकारी मिली। डिजिटल इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गौरी अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बिठूर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पेशेवर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद