जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 12 किलो 695 ग्राम गांजा बरामद, लखनऊ सप्लाई की थी तैयारी
कानपुर। रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 12 किलो 695 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (कानपुर) दुष्यंत कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह एवं आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में संयुक्त टीम बुधवार देर रात विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी।
बताया गया कि रात करीब 12:50 बजे पुलिस टीम कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के हैरिसगंज पुल के पास झकरकट्टी बस अड्डे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान राम बहादुर गुरुंग (35 वर्ष) निवासी डांगा गुडा, वार्ड नंबर-7, थाना जयपुर, जिला कोरापुट, ओडिशा के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ओडिशा से कम दामों में गांजा खरीदकर लाया था और उसे लखनऊ में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था। आरोपी कानपुर सेंट्रल स्टेशन से लखनऊ जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। जीआरपी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लायरों और स्थानीय संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक अरविंद गुप्ता, हेड कांस्टेबल शिव सिंह यादव, वैश खान, हरिपाल यादव, कांस्टेबल सूर्यकांत यादव, दीपक यादव, एएसआई राजेश सिंह, जय प्रकाश पाठक, कांस्टेबल अजीत सिंह, संतोष सिंह और नागेंद्र मौर्य शामिल रहे।