नशीली दवा देकर गर्भपात कराने, डेढ़ लाख रुपये में बेचने और मासूम बच्चे को जान से मारने की धमकी का आरोप, इंसाफ की गुहार लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची पीड़िता
कानपुर। महानगर के चकेरी थाना क्षेत्र से इंसानियत और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जिस खाला को एक भांजी के लिए मां समान सहारा और सुरक्षा की ढाल होना चाहिए था, वही उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी दुश्मन बन गई। पीड़िता ने अपनी ही सगी खाला पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उसने अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और करीब डेढ़ साल तक जबरन देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। पीड़िता के मुताबिक उसकी दर्दनाक कहानी नवंबर 2024 में शादी के कुछ समय बाद शुरू हुई। आरोप है कि उसकी खाला ने साजिश के तहत उसे खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसी दौरान एक युवक को बुलाकर उसके आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनवाई गईं। होश में आने पर जब पीड़िता को इसकी जानकारी हुई तो खाला ने वीडियो सोशल मीडिया और समाज में वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह नरक बन गई। अश्लील वीडियो को हथियार बनाकर खाला उसे लगातार अलग-अलग लोगों के पास भेजती रही और जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करती रही। विरोध करने पर उसे मारपीट, बदनामी और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। पीड़िता ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल तक यह सिलसिला चलता रहा और वह डर तथा सामाजिक बदनामी के कारण चुप रहने को मजबूर रही। पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया कि मार्च 2026 में उसकी खाला ने उसका सौदा कर उसे करीब 1.30 लाख रुपये में एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया। जब उसने विरोध किया तो वीडियो डिलीट करने के नाम पर उससे डेढ़ लाख रुपये की और मांग की गई।
मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि उत्पीड़न के दौरान जब पीड़िता गर्भवती हो गई तो उसकी खाला ने चाय में नशीली दवा मिलाकर जबरन उसका गर्भपात करा दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता का कहना है कि उसके 8 महीने के मासूम बच्चे को भी नुकसान पहुंचाने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां लगातार दी जाती रहीं। पीड़िता का आरोप है कि उसने पहले चकेरी थाने में शिकायत करने की कोशिश की थी, लेकिन वहां उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। लगातार प्रताड़ना और भय के माहौल के बीच आखिरकार मंगलवार को वह पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची, जहां उसने इंस्टाग्राम चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य अधिकारियों को सौंपे। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अब चकेरी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है और पीड़िता द्वारा दिए गए सभी डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।