PM पर टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, सांसद अजेंद्र लोधी पर कार्रवाई की मांग

डीएम को सौंपा ज्ञापन, महिला मोर्चा बोली- लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा बर्दाश्त नहीं

कानपुर- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा कानपुर उत्तर एवं दक्षिण इकाई की ओर से गुरुवार को हमीरपुर के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी किए जाने पर नाराजगी जताई और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारेबाजी की और कहा कि देश के प्रधानमंत्री केवल एक राजनीतिक दल का चेहरा नहीं बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की भावनाओं और सम्मान का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सांसद अजेंद्र सिंह लोधी सार्वजनिक रूप से अपने बयान पर माफी मांगें। साथ ही उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई भी की जाए ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का साहस न कर सके।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि विपक्षी दलों के कुछ नेता लगातार राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ने का काम कर रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान और देश की गरिमा की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कानपुर दक्षिण इकाई की ओर से जिला मंत्री मधु तिवारी, सपना शर्मा, प्रेमलता तिवारी और वंदना देवी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुईं। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे मामले को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद