डिजिटल जनगणना की तैयारी शुरू

‘स्व-गणना’ पोर्टल लॉन्च, 21 मई तक नागरिक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे जानकारी

कानपुर। देश की आगामी जनगणना को डिजिटल, पारदर्शी और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में नगर निगम मुख्यालय मोतीझील में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर प्रमिला पांडे ने जनगणना 2027 के पहले चरण ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए ऑनलाइन पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया।
महापौर ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आम नागरिकों के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोला गया है, जहां लोग 7 मई से 21 मई के बीच स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के दौरान नागरिकों को कुल 33 महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, जिनके माध्यम से जनसंख्या, परिवार, शिक्षा, रोजगार और अन्य सामाजिक पहलुओं से जुड़ा डेटा एकत्र किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रह पहले की तुलना में अधिक सटीक, पारदर्शी और तेज होगा। इससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार करने में सरकार को मदद मिलेगी। महापौर प्रमिला पांडे ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकारें शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और रोजगार जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण करती हैं।
महापौर ने कहा, “यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज नहीं कर पा रहा है, तो वह घर आने वाले प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रहे।” उन्होंने कहा कि कानपुर के हर नागरिक की भागीदारी शहर और देश के विकास की मजबूत नींव साबित होगी।
बैठक के दौरान जनगणना विभाग के अधिकारियों और प्रशिक्षकों ने पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों की जानकारी भी दी। प्रभारी जनगणना हिमांशु शुक्ला और सहायक निदेशक दिनेश यादव ने बताया कि पोर्टल को पूरी तरह सुरक्षित और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, ताकि लोगों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहे और डेटा संग्रह में पारदर्शिता बनी रहे।
अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने नगर निगम की ओर से जनगणना अभियान में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं फील्ड ट्रेनर अमित मिश्रा और शशांक दुबे ने बताया कि प्रगणकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे वे घर-घर जाकर लोगों को डेटा भरने में मदद कर सकें और किसी भी प्रकार की तकनीकी परेशानी का समाधान कर सकें।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल जनगणना भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम के अंत में महापौर ने सभी नागरिकों से ‘स्व-गणना’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद