कानपुर में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सीओडी पुल पर एक रोडवेज बस की टक्कर के बाद स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी सवार युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी मच गई और करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बर्रा निवासी युवती रामादेवी से टाटमील की ओर किसी निजी कार्य से जा रही थी। जैसे ही वह थाना रेलबाजार क्षेत्र स्थित सीओडी पुल पर पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के कुछ ही सेकेंड बाद स्कूटी में अचानक आग भड़क उठी।
युवती ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत स्कूटी से दूर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सड़क पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने एक दमकल की मदद से करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान बस चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया।
पुलिसकर्मियों ने घायल युवती को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और उसके परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। बाद में युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
आग से मची अफरा-तफरी, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन
घटना के दौरान बीच सड़क पर स्कूटी में लगी आग के कारण रामादेवी से टाटमील मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। सैकड़ों वाहन काफी देर तक फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फायर अधिकारी अजीत पटेल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम को तुरंत रवाना किया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस अब फरार बस चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।