निःशुल्क शिक्षा के साथ ड्रेस, किताबें और दूध की सुविधा; 25 हजार से अधिक बच्चों को मिला लाभ
कानपुर में कोपेस्टेट शिक्षा समिति द्वारा संचालित “कोपेस्टेट शिक्षा सदन जूनियर हाई स्कूल” में बुधवार को नर्सरी से कक्षा आठ तक के छात्रों का वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन विजय कपूर, लोक लेखा समिति के पूर्व सभापति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कपूर तथा अन्य उद्यमियों के कर-कमलों से बच्चों को रिपोर्ट कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 27 मेधावी छात्रों को ट्रॉफी एवं 250 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। परीक्षाफल वितरण के उपरांत छात्रों और उपस्थित उद्यमियों ने एक साथ भोजन कर कार्यक्रम को उत्सव का रूप दिया।
संस्था के चेयरमैन विजय कपूर ने बताया कि वर्ष 2003 में गरीब और श्रमिक परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से इस विद्यालय की शुरुआत की गई थी, जिसे वर्तमान में कोपेस्टेट शिक्षा समिति द्वारा संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां बच्चों को मुफ्त शिक्षा के साथ-साथ ड्रेस, स्वेटर, जूते-मोजे, किताबें और कॉपियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा उद्यमियों के सहयोग से सप्ताह में कम से कम दो दिन मिड-डे मील और प्रतिदिन गौशाला का शुद्ध गाय का दूध भी बच्चों को दिया जाता है।
विजय कपूर ने बताया कि अब तक इस विद्यालय से 25 हजार से अधिक छात्र शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। वहीं अजय कपूर ने इस पुनीत कार्य के लिए संस्था से जुड़े उद्यमियों, प्रधानाध्यापिका और अध्यापिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से ही सभी को शिक्षित करने का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विजय कपूर ने छात्रों को कड़ी मेहनत करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा आश्वासन दिया कि शिक्षा से संबंधित किसी भी समस्या में संस्था सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।
इस अवसर पर बलराम नरूला, सुरेश पुरी, सुशील मोहन टकरू, हरीश ईसरानी, नरेश पंजाबी, कार्तिक कपूर, मयंक बजाज, अवध पाल सिंह, सतेन्द्र मोहन धींगरा, सिद्धार्थ गुप्ता, भीमसेन मेहदीरत्ता, पम्मी खन्ना, अनूप कुशवाहा, गुरविन्दर सिंह ‘गप्पी’, हरेन्दर सिंह ‘डिम्पल’, मुकेश रामचन्दानी, सन्तोष गुप्ता, अरविन्द पिपरसेनिया, शिव कुमार प्रजापति, लक्ष्मण खिलवानी, आर. के. नायर, भारत सिंह, वीरेन्द्र मिश्रा, प्रेम नारायण शर्मा, अनिल श्रीवास्तव, बॉबी कपूर, यशपाल सचान सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।