शातिर विकास जोशी जिला बदर, डुगडुगी बजाकर खदेड़ा गया

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सख्ती, 6 माह तक जिले में प्रवेश पर प्रतिबंध

कानपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत बिठूर थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने नशेनिया टिकरा निवासी 21 वर्षीय विकास जोशी को जिला बदर घोषित करते हुए डुगडुगी बजाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराते हुए उसे जिले की सीमा से बाहर कर दिया।
मंगलवार को बिठूर थाना क्षेत्र के नशेनिया टिकरा गांव में उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब पुलिस टीम ढोल-नगाड़ों के साथ गांव पहुंची। पुलिस ने मुनादी कराते हुए ग्रामीणों को सूचित किया कि विकास जोशी पुत्र आनंद जोशी को शासन के आदेश पर जिला बदर किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर वह जिले की सीमा में कहीं भी पाया गया, तो उसके खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, विकास जोशी के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर उसे कानपुर नगर की सीमा से निष्कासित किया गया है। नियमों के अनुसार, जिला बदर किए गए व्यक्ति को अगले 6 महीनों तक जिले की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। बिठूर पुलिस उसे जिले की सीमा तक छोड़कर आई।
प्रभारी निरीक्षक बिठूर ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में कानून का डर पैदा करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद