PSIT कॉलेज में आधी रात हंगामा, अटेंडेंस पेनल्टी पर बवाल

₹20 हजार सिक्योरिटी ज़ब्ती के फैसले के खिलाफ छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस हस्तक्षेप के बाद प्रबंधन ने लिया यू-टर्न

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित PSIT इंजीनियरिंग कॉलेज में मंगलवार देर रात उस समय हंगामा मच गया, जब कॉलेज प्रशासन द्वारा लागू किए गए एक नए आर्थिक नियम के खिलाफ हजारों छात्र एकजुट हो गए। देखते ही देखते कैंपस रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और हालात को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलेज प्रबंधन ने हाल ही में एक नया नियम लागू किया था, जिसके तहत प्रत्येक छात्र को ₹20,000 की अतिरिक्त सिक्योरिटी राशि जमा करने का निर्देश दिया गया था। इस नियम की सबसे विवादित शर्त यह थी कि यदि किसी छात्र की उपस्थिति 90% से कम रहती है, तो यह पूरी राशि ज़ब्त कर ली जाएगी।
छात्रों ने इस फैसले को “आर्थिक शोषण” करार देते हुए इसका तीखा विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पहले ही कॉलेज द्वारा भारी फीस ली जाती है, ऐसे में अटेंडेंस के नाम पर ₹20,000 का अतिरिक्त बोझ डालना पूरी तरह अनुचित है। साथ ही, 90% उपस्थिति बनाए रखना हर छात्र के लिए व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है।
नियम की जानकारी मिलते ही छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और देर रात हजारों की संख्या में छात्र कैंपस में इकट्ठा हो गए। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
हंगामे की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी कासिम आबिदी ने खुद मोर्चा संभालते हुए छात्रों और कॉलेज प्रशासन के बीच बातचीत कराई। कई घंटों तक चली इस वार्ता में छात्र अपने रुख पर अडिग रहे और नियम वापस लेने की मांग पर डटे रहे।
आखिरकार छात्रों के दबाव और पुलिस की मध्यस्थता के बाद कॉलेज प्रशासन को झुकना पड़ा और इस विवादित फैसले को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा करनी पड़ी।
डीसीपी कासिम आबिदी ने बताया कि “सिक्योरिटी मनी और अटेंडेंस को लेकर विवाद था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत कराई, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल इस फैसले को वापस ले लिया है। स्थिति अब सामान्य है।”
पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन को चेतावनी दी है कि भविष्य में कोई भी ऐसा नियम लागू न किया जाए, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़े। वहीं, फैसले के वापस होते ही छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
फिलहाल कैंपस में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद