कानपुर। एमएसएमई सेक्टर में कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से RAMP कार्यक्रम के तहत MSME टेक्नोलॉजी सेंटर, फजलगंज में स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन मीट एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उत्तर प्रदेश के. विजेंद्र पांडियन (आईएएस) ने की, जबकि सह-अध्यक्षता प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम रोहित आनंद (आईएएस) ने की। इस दौरान मुख्य अभियंता प्रभात बाजपेई, उप आयुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संयुक्त निदेशक अजय बाजपेई के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
RAMP कार्यक्रम के अंतर्गत MSME टेक्नोलॉजी सेंटर में CNC Milling Programming एवं Operation, Inspection and Quality Control तथा Auto CAD जैसे कोर्स संचालित किए जाएंगे। इन कोर्सों पर 90 से 96 प्रतिशत तक सरकारी सब्सिडी दी जा रही है, जिससे प्रशिक्षण किफायती होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 है, जबकि प्रशिक्षण 15 मई से शुरू होगा।
आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने कहा कि यह केंद्र उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है, जहां प्रशिक्षण के साथ उत्पादन कार्य भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र ‘नो प्रॉफिट, नो लॉस’ के आधार पर संचालित होता है।
बैठक में मौजूद औद्योगिक संगठनों ने इस पहल की सराहना करते हुए आधुनिक तकनीकों से जुड़े और प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम का समापन MSME क्षेत्र को मजबूत बनाने और सतत विकास सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।
कानपुर में MSME को बढ़ावा, RAMP के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम