केडीए का बुलडोजर चला, करोड़ों की जमीन मुक्त

कानपुर। शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। उपाध्यक्ष एवं सचिव के निर्देश पर ‘लैंड बैंक’ को सुरक्षित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया, जिसमें करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन भू-माफियाओं से मुक्त कराई गई।
जोनल प्रभारी (भूमि बैंक-4) डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दो प्रमुख स्थलों पर अवैध कब्जे हटाए गए। तौधकपुर क्षेत्र में करीब 1.20 करोड़ रुपये मूल्य की चारागाह भूमि पर बनी बाउंड्रीवाल और अस्थायी निर्माण को ध्वस्त किया गया। वहीं विनगवां क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की अर्बन सीलिंग भूमि पर किए गए कब्जे को हटाकर जमीन खाली कराई गई।
ध्वस्तीकरण के दौरान केडीए के अमीन, प्रवर्तन अनुभाग-4 का स्टाफ और सुपरवाइजर मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेन पश्चिमपारा थाने की पुलिस भी तैनात रही, ताकि किसी प्रकार का विरोध न हो सके।
डॉ. अर्चना शर्मा ने बताया कि मुक्त कराई गई जमीनों को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए प्री-कास्ट बाउंड्रीवाल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केडीए ने आम जनता से अपील की है कि अवैध निर्माण और कब्जे स्वयं हटा लें, अन्यथा प्राधिकरण द्वारा ध्वस्तीकरण कर खर्च की वसूली भू-राजस्व की तरह की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि भविष्य में भी सरकारी जमीनों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद