सब जूनियर में गोल्ड से चमका प्रदेश, मजबूत ग्रासरूट सिस्टम से मिल रही लगातार सफलता
नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश हॉकी ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पहचान बनाई है। हाल ही में बिहार के राजगीर में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश की सब जूनियर टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि राज्य की मजबूत ग्रासरूट प्रणाली का परिणाम है, जहां जिला स्तर से लेकर अकादमियों तक खिलाड़ियों को तैयार किया जाता है। पिछले 16 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने हॉकी इंडिया राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 21 पदक जीते हैं, जिनमें से 15 पदक 2021 के बाद आए हैं, जो हालिया तेजी को दर्शाते हैं।
सब जूनियर पुरुष टीम ने 2018 से अब तक 8 पदक (4 स्वर्ण, 2 रजत, 2 कांस्य) हासिल किए हैं, जबकि सब जूनियर महिला टीम ने 2017, 2021 और 2022 में कांस्य पदक जीते। जूनियर पुरुष टीम ने 2019 से 4 पदक (2 स्वर्ण, 2 रजत) अपने नाम किए, वहीं जूनियर महिला टीम ने 2025 में कांस्य पदक जीता। सीनियर स्तर पर भी प्रदेश की टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। सीनियर पुरुष टीम ने 2014 में कांस्य, 2015 और 2021 में रजत तथा 2024 और 2025 में लगातार कांस्य पदक जीतकर स्थिर प्रगति दिखाई है। प्रदेश में खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए लखनऊ, झांसी, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, आगरा सहित कई शहरों में 15 से अधिक एस्ट्रोटर्फ तैयार किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। आगे भी नए एस्ट्रोटर्फ विकसित करने की योजना है। यूपी के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता ललित उपाध्याय, राज कुमार पाल, उत्तम सिंह और मुमताज खान जैसे खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं अमीर अली, शारदा नंद तिवारी, सौरभ आनंद और अजीत यादव ने जूनियर विश्व कप में भारत को तीसरा स्थान दिलाने में योगदान दिया। प्रदेश की हॉकी विरासत भी बेहद समृद्ध रही है, जिसमें मेजर ध्यानचंद, मोहम्मद शाहिद और जफर इकबाल जैसे दिग्गज शामिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश हॉकी के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह ने कहा कि यह सफलता मजबूत ग्रासरूट सिस्टम, कोचों की मेहनत और अकादमियों के बेहतर संचालन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक खिलाड़ी प्रदेश से निकलकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।