कानपुर नगर में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, दलीप नगर द्वारा निकरा योजना के अंतर्गत गेहूं की ऊसर सहनशील प्रजाति केआरएल-283 के मूल्यांकन हेतु सहतावनपूर्वा गांव में प्रगतिशील कृषक छुन्ना लाल के प्रक्षेत्र पर प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 30 से अधिक किसानों ने भाग लिया।
केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. खलील खान ने जानकारी देते हुए बताया कि निकरा योजना के माध्यम से किसानों के खेतों पर स्थानीय कृषि पारिस्थितिकी के अनुसार सूक्ष्म हस्तक्षेप कर तकनीकी सुधार एवं प्रसार का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केआरएल-283 प्रजाति बदलते जलवायु परिवेश में ऊसर भूमि को सहन करने में सक्षम है तथा पकाव के समय तापमान में अचानक वृद्धि को भी झेल सकती है।
चर्चा के दौरान डॉ. खान ने किसानों को समस्याग्रस्त मृदाओं में सुधार के लिए जिप्सम एवं ढैंचा की हरी खाद के उपयोग की सलाह दी, जिससे फसल उत्पादन क्षेत्र को बढ़ाया जा सके।
प्रक्षेत्र दिवस के दौरान किसानों ने फसल का अवलोकन कर नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त की और वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम में 30 से अधिक किसान उपस्थित रहे।
निकरा योजना में गेहूं प्रक्षेत्र दिवस आयोजित