कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जीटी रोड स्थित मनोज इंटरनेशनल होटल के पास से एक युवक को दबंगों ने सरेराह कार में खींचकर अगवा कर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। हमलावर युवक को मरणासन्न हालत में पीएसी पार्क के पास फेंककर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक जीटी रोड किनारे अंडे का ठेला लगाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक एक कार में सवार करीब दर्जन भर लोग मौके पर पहुंचे और युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर वहां से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं सके।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की। काफी देर बाद युवक पीएसी पार्क के पास लहूलुहान और बेसुध हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल कांशीराम अस्पताल भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हैलट अस्पताल (मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया।
घटना को लेकर चर्चा है कि पीड़ित युवक मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ है, हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पीड़ित के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसके साथ बेहद क्रूरता से मारपीट की गई है।
इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित के भाई ने चकेरी थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में चार नामजद और आठ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रभारी निरीक्षक चकेरी ने बताया कि युवक के साथ मारपीट कर उसे फेंकने की सूचना मिली थी। घायल का उपचार कराया जा रहा है और मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुरानी रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल और संभावित रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी कार का पता लगाया जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चकेरी में दिनदहाड़े अपहरण के बाद बेरहमी से पिटाई, युवक मरणासन्न हालत में पार्क में मिला