कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जौनपुर में नौकरी करने वाले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बाहर फेंककर कुछ लोग फरार हो गए। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पनकी निवासी मनोज सोनकर जौनपुर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सोमवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद कुछ अज्ञात लोग बोलेरो गाड़ी से उसका शव लेकर पनकी स्थित उसके घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने शव को घर के बाहर सड़क पर उतारा, स्थानीय लोगों को संदेह हुआ।
ग्रामीणों और परिजनों को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गए और पकड़े जाने के डर से बोलेरो गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घर के बाहर मनोज का शव पड़ा देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पनकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से छोड़ी गई बोलेरो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है, जो इस पूरे मामले में एक अहम सुराग मानी जा रही है।
पुलिस अब आसपास और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
परिजनों ने मनोज की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह शव को घर के बाहर फेंका गया, उससे घटना बेहद संदिग्ध प्रतीत होती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया जा रहा है।
घर के बाहर शव फेंककर फरार, युवक की संदिग्ध मौत