कानपुर। एस एम कासिम आबिदी, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) ने बताया कि थाना रावतपुर क्षेत्र में प्राइवेट अस्पतालों में चल रहे अवैध किडनी खरीद-फरोख्त के मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस लगातार जांच को आगे बढ़ाते हुए अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि जांच में कई अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इसी क्रम में डॉक्टर रोहित नामक व्यक्ति का पता चला है, जो इंदिरापुरम, गाजियाबाद का निवासी बताया जा रहा है। उसके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त डॉक्टर अली के संबंध में भी सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके निवास स्थान पर दबिश दी। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में उसके परिजनों ने बताया कि वह डॉक्टर नहीं बल्कि एक टेक्नीशियन के रूप में कार्य करता है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में अभी जांच जारी है और गिरफ्तारी व पूछताछ के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जांच के दौरान कुछ अन्य अस्पतालों के नाम भी सामने आए हैं, जहां अवैध तरीके से किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने की आशंका जताई जा रही है। अब तक करीब 7-8 अस्पतालों के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है, जिनसे जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
ओटी टेक्नीशियनों से मिली जानकारी के अनुसार, डॉक्टर अली द्वारा ऑपरेशन किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस इस तथ्य का सत्यापन कर रही है। पिछले दो दिनों से पुलिस द्वारा लगातार पूछताछ, साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच की जा रही है।
एस एम कासिम आबिदी ने बताया कि प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस गंभीर मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाएगी।
किडनी कांड: 8 गिरफ्तार, जांच तेज