स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल का शुभारंभ, सतीश महाना ने किया उद्घाटन

कानपुर। शहर के शताब्दी नगर, कपली क्षेत्र में शिक्षा के नए केंद्र के रूप में ‘स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल’ का भव्य उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सतीश महाना ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्ले-ग्रुप से लेकर हाईस्कूल तक के नए शैक्षणिक सत्र का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के मौके पर विद्यालय परिसर बच्चों की किलकारियों से गूंज उठा। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस विद्यालय को क्षेत्र के बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्य अतिथि सतीश महाना ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूली जीवन केवल किताबों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यही वह समय होता है जब बच्चे अपने व्यक्तित्व और भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लें और सबसे बढ़कर एक अच्छा इंसान बनने का प्रयास करें। साथ ही उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को यह जिम्मेदारी भी याद दिलाई कि बच्चों के उज्जवल भविष्य की नींव अब उनके हाथों में है। इस दौरान उन्होंने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा किए और बच्चों में बिस्कुट व चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नीलिमा कटियार ने कहा कि इस क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने आधुनिक तकनीक आधारित और समावेशी शिक्षा प्रणाली को समय की जरूरत बताया। वहीं सुरेंद्र मैथानी ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाल के वर्षों में देश में नैतिक शिक्षा को फिर से मजबूती मिल रही है।
विद्यालय के प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने बताया कि इस स्कूल की स्थापना का उद्देश्य कांशीराम आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उच्चस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यहां प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा आधुनिक कंप्यूटर शिक्षा, खेलकूद और सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
विद्यालय की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले ही दिन प्रवेश के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंचे। हालांकि, प्रबंधन ने पहले दिन केवल 21 बच्चों को ही प्रवेश दिया और अन्य अभिभावकों को अगले दिन आने की सलाह दी।कार्यक्रम के अंत में उपप्रबंधक कुणाल गौरव ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में पूर्व विधायक राकेश सोनकर, सुरेश गुप्ता, रवि दीक्षित, हरिशंकर गुप्ता, हर्षवर्धन सिंह, राहुल सिंह, अंजनी निगम, संजय प्रकाश और आदित्य सिंह राना सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद