कानपुर। बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर शनिवार शाम ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत मॉडल रैंप वॉक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कानपुर मेट्रो द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में रायमा डांस एकेडमी का सहयोग रहा, जहां युवा प्रतिभाओं ने अपनी अदाओं और आत्मविश्वास से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कानपुर मेट्रो अब सिर्फ एक परिवहन साधन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि शहर में सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में मॉडलिंग के प्रति रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रैंप पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर लगभग 3 बजे हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने सबसे पहले अपना परिचय दिया। इसके बाद बच्चों और युवाओं को दो अलग-अलग वर्गों में विभाजित कर रैंप वॉक कराया गया। प्रतिभागियों ने भारतीय और पश्चिमी दोनों परिधानों में अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
इस दौरान उपस्थित विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को मॉडलिंग, स्टेज प्रेजेंस और प्रस्तुतीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। उन्हें बताया गया कि रैंप वॉक में आत्मविश्वास, बॉडी लैंग्वेज और एक्सप्रेशन का कितना महत्व होता है। इन मार्गदर्शनों से प्रतिभागियों को न सिर्फ सीखने का अवसर मिला, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और हर प्रस्तुति पर जोरदार तालियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। पूरे आयोजन में ऊर्जा, उत्साह और रचनात्मकता का अनोखा संगम देखने को मिला।
प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी 23 मार्च को स्वर्गीय रतन लाल शर्मा स्मारक स्टेडियम में आयोजित ‘मिस्टर एंड मिस आईकॉन’ प्रतियोगिता के फिनाले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘शो योर टैलेंट’ पहल के तहत कानपुर मेट्रो स्टेशनों पर समय-समय पर गायन, नृत्य, बैंड प्रस्तुति, स्केचिंग और नुक्कड़ नाटक जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य शहर की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।
बड़ा चौराहा मेट्रो बना टैलेंट का मंच, रैंप वॉक में चमके युवा