नवरात्र में व्यवस्थाओं का निरीक्षण

कानपुर। चैत्र नवरात्र के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने गुरुवार को जोन-6 स्थित काली मठिया मंदिर (शास्त्री नगर) का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंदिर में नवरात्र के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने सुरक्षा और सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। चौराहे से मंदिर प्रवेश द्वार और जवाहर स्कूल मार्ग तक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि दोपहिया वाहनों का प्रवेश रोका जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पर्व के बाद स्थायी शौचालय निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मंदिर परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए।
स्वच्छता को लेकर नगर आयुक्त ने विशेष सख्ती दिखाई। जोनल स्वच्छता अधिकारी को निर्देश दिए गए कि 15 कर्मचारियों की तीन पालियों में तैनाती कर निरंतर सफाई, कूड़ा उठान और चूने का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा परिसर में खराब इंटरलॉकिंग टाइल्स को ठीक कराने और अवैध होर्डिंग्स व क्योस्क हटाने के आदेश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान काली मठिया के पास स्थित नगर निगम बारातशाला और लाइब्रेरी की जर्जर स्थिति पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों की मांग पर बारातशाला के पुनरुद्धार के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिसमें नई टाइल्स, शौचालय मरम्मत और वार्ड कार्यालय के लिए अलग कक्ष बनाने की योजना शामिल होगी।
इसके बाद नगर आयुक्त ने भैरवघाट और भगवतदास घाट स्थित विद्युत शवदाह गृहों का भी निरीक्षण किया। भैरवघाट में दोनों फर्नेस मशीनें चालू मिलीं, लेकिन परिसर में गंदगी और लावारिस खड़ी कार को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और दो घंटे के भीतर वाहन हटाने तथा शाम तक सफाई कर जियोटैग फोटो भेजने के निर्देश दिए।
भगवतदास घाट पर नगर निगम की मशीन संचालित पाई गई, लेकिन सीएसआर फंड से स्थापित ‘दि इंडिया थर्मिट कॉर्पोरेशन’ की मशीन वर्ष 2021 से बंद मिली। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित कंपनी से समन्वय कर मशीन को चालू कराने या फिर नई मशीन स्थापित करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
गुप्तारघाट मोड़ स्थित कूड़ाघर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि यहां एकत्र होने वाले सी एंड डी वेस्ट (निर्माण मलबा) को नियमित रूप से पनकी स्थित प्रोसेसिंग प्लांट भेजा जाए, ताकि कचरे का अंबार न लगे।
निरीक्षण के दौरान पार्षद अरविंद यादव, विनोद गुप्ता, सहायक अभियंता तोताराम, जोनल स्वच्छता अधिकारी विजय शंकर शुक्ला सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नवरात्र के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद