कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट व चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का जीआरपी ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुरुवार को पुलिस ने गिरोह के पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये का माल बरामद किया है।जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में गठित तीन टीमों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस ने सर्विलांस और धरातलीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 50 किलोमीटर क्षेत्र की रूट मैपिंग की और 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद गिरोह तक पहुंचना संभव हो सका।
सटीक सूचना के आधार पर 19 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने कानपुर सेंट्रल के जूही यार्ड रेलवे पटरी के पास जीएमसी यार्ड पीडब्ल्यूआई ऑफिस के समीप घेराबंदी कर पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी कानपुर और उन्नाव जनपद के रहने वाले हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में साहिल सोनकर उर्फ पोलू उर्फ गोलू (दादा नगर, कानपुर), विशाल वाल्मीकि (शुक्लागंज, उन्नाव), अभिषेक पासवान (गोविंद नगर, कानपुर), जीतू सिंह (खमार खेड़ा, उन्नाव) और सुमित कुमार वर्मा (श्रीनगर तिरंगा चौराहा, शुक्लागंज) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्टेशन के आउटर पर खड़ी ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को निशाना बनाकर लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम देते थे। अपराध से अर्जित धन का उपयोग वे नशे की लत और अपने महंगे शौक पूरे करने में करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी सहित लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का सामान, घटना में प्रयुक्त यामाहा R15 मोटरसाइकिल और Apple iPhone 15 Pro सहित कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक रेलवे और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा ने टीम की सराहना की है।
पूरे ऑपरेशन की निगरानी क्षेत्राधिकारी (रेलवे) दुष्यंत कुमार सिंह द्वारा की गई, जबकि जीआरपी की पूरी टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को सफल बनाया।
जीआरपी ने लुटेरा गिरोह दबोचा