कानपुर। मंडलायुक्त कानपुर मंडल की अध्यक्षता में सम्भागीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) की महत्वपूर्ण बैठक 27 मार्च को शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी। यह बैठक मंडलायुक्त के शिविर कार्यालय, छः बंगलिया आर्यनगर में होगी, जिसमें परिवहन व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार किया जाएगा।
आरटीओ प्रशासन राकेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से कैरेज बाई रोड एक्ट 2007 के अंतर्गत “कॉमन कैरियर” के पंजीकरण से संबंधित प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही इसी अधिनियम के तहत पंजीकरण के नवीनीकरण के लिए आए आवेदनों की भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक में मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 84 के तहत निर्धारित परमिट शर्तों के उल्लंघन के मामलों पर भी चर्चा होगी। ऐसे मामलों में धारा 86 के अंतर्गत परमिटों के निलंबन या निरस्तीकरण पर निर्णय लिया जा सकता है।
इसके अलावा शहर में बढ़ती यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कानपुर मेट्रो स्टेशनों से जुड़े नवसृजित नगर बस संचालन पर भी विस्तृत परिचर्चा प्रस्तावित है। यह पहल शहर के सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी विचार किया जा सकेगा। आरटीओ प्रशासन ने बताया कि इस बैठक में संबंधित मोटर मालिकों को उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा, ताकि पारदर्शिता के साथ निर्णय लिए जा सकें।
27 मार्च को आरटीए की होगी बैठक