कानपुर। आगामी चैत्र नवरात्र, रामनवमी और ईद-उल-फितर के मद्देनजर नगर निगम ने शहर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम मुख्यालय में महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जोनल स्वच्छता अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। नगर निगम द्वारा तपेश्वरी देवी मंदिर, बुद्धा देवी मंदिर, बंगाली मोहाल काली मंदिर और चमनगंज मस्जिद समेत कई प्रमुख स्थलों पर सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
इसके अलावा हरजेन्दर नगर काली बाड़ी मंदिर और शहर की चार प्रमुख ईदगाहों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं बारा देवी मंदिर और जंगली देवी मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी अतिरिक्त सफाई व्यवस्था लागू की गई है।
जोन-4 से जोन-6 तक के क्षेत्रों में अशोक नगर मंदिर, बड़ी ईदगाह, दबौली दुर्गा मंदिर, पनकी मंदिर, काली मठिया मंदिर और आशा देवी मंदिर में सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महापौर प्रमिला पांडेय ने विशेष रूप से बारा देवी मंदिर की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यहां दूर-दराज जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जवारा निकालने और दंडवत यात्रा करने वाले भक्तों के लिए मार्ग पूरी तरह साफ और सुगम रखा जाए। साथ ही दुकानों को व्यवस्थित कराया जाए ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अभियंत्रण और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों के आसपास चढ़ने वाले फूलों से गंदगी न फैले, इसके लिए शिफ्ट के आधार पर सफाई कराई जाए। साथ ही पूजा सामग्री या कपड़े नालियों में न बहें, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर जाकर कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करने के भी आदेश दिए।
बैठक में जलकल महाप्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी कि नवरात्र के दौरान भंडारों और ईद के अवसर पर चिन्हित 16 प्रमुख स्थानों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर नगर आयुक्त मो. अवेश, जगदीश यादव, अनूप कुमार वाजपेयी, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनमोहन आर्या सहित सभी जोनल अधिशाषी अभियंता और जलकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम का लक्ष्य है कि त्योहारों के दौरान शहर पूरी तरह स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित नजर आए, जिससे श्रद्धालु और नागरिक बिना किसी परेशानी के अपने-अपने पर्व मना सकें।
त्योहारों पर सज-धज को तैयार शहर