महापौर ने थामी झाड़ू, बारा देवी मंदिर में चला स्वच्छता अभियान

कानपुर। चैत्र नवरात्र के शुभारंभ पर शहर में आस्था और स्वच्छता का अनूठा संगम देखने को मिला, जब कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय ने खुद झाड़ू उठाकर मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। उन्होंने बारा देवी मंदिर पहुंचकर न केवल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, बल्कि श्रमदान करते हुए स्वच्छता का मजबूत संदेश भी दिया।
नवरात्र के पहले दिन मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए महापौर सुबह ही मंदिर प्रांगण पहुंचीं। यहां उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देने के साथ-साथ खुद झाड़ू थाम ली और सफाई अभियान की अगुवाई की। उनके इस कदम से मौके पर मौजूद लोग भी प्रेरित हुए और बड़ी संख्या में पार्षद व सामाजिक कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल हो गए।
महापौर के साथ नवीन पंडित, नीरज वाजपेयी, अमित जायसवाल, मनीष मिश्रा, अभिनव शुक्ला ‘गोलू’, योगेंद्र शर्मा, नीरज रक्सेल, विद्या वर्मा, कौशल किशोर मिश्रा, आकर्ष वाजपेयी और हरी स्वरूप तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर के कोने-कोने में झाड़ू लगाकर सफाई की। इसके बाद पूरे प्रांगण और मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर पानी का छिड़काव कर धुलाई भी कराई गई, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस दौरान महापौर ने नगर निगम के स्वास्थ्य और जलकल विभाग को सख्त निर्देश दिए कि नवरात्र के नौ दिनों तक सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की ड्यूटी शिफ्टों में लगाई जाए, ताकि लगातार साफ-सफाई बनी रहे और कहीं भी जलभराव या कीचड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
सफाई अभियान के बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि “नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है और स्वच्छता भक्ति का पहला चरण है। मेरी सभी भक्तों से विनती है कि वे केवल प्रमुख मंदिरों में ही नहीं, बल्कि अपने आसपास के सभी देवालयों और सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखें। पूजा सामग्री और कूड़ा इधर-उधर न फेंककर निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि इन पावन दिनों में हमारा शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहे।”
गौरतलब है कि नवरात्र के दौरान बारा देवी मंदिर में कानपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है।
महापौर के इस पहल ने न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई है, बल्कि यह भी संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधि यदि खुद आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाएं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद