कानपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार सुबह 6 बजे औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के कई इलाकों का जायजा लिया। कहीं व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, तो कई स्थानों पर लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार और नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान सरसैया घाट मार्ग की स्थिति सबसे खराब पाई गई। सुबह 8 बजे तक सड़क के दोनों ओर गंदगी का अंबार लगा था और झाड़ू तक नहीं लगी थी, जबकि वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इस पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने सिविल लाइंस वार्ड के सफाई नायक वीरेन्द्र को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जोनल स्वच्छता अधिकारी को सफाई कराकर जियोटैग फोटो उपलब्ध कराने को कहा।
सिविल लाइंस क्षेत्र में लट्ठा कोठी वाली गली में घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था भी जांची गई, जहां एक स्थानीय निवासी ने कूड़ा गाड़ी समय पर न आने की शिकायत की। वहीं नालियों में भरे निर्माण सामग्री (C&D वेस्ट) को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि जल निकासी बाधित न हो।
योग गैलेक्सी में कूड़ा पृथक्करण की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहीं तपेश्वरी माता मंदिर परिसर का विशेष निरीक्षण करते हुए बिरहाना रोड और आसपास लगे अवैध होर्डिंग्स व कियोस्क हटाने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर में तीन पालियों में 27 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है।
नगर आयुक्त ने जल निकासी की समस्या को लेकर गलीपिट के निकास को चौड़ा करने और क्षतिग्रस्त गलीपिट की सूची तैयार कर मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
निरीक्षण के दौरान मोतीझील, बेनाझाबर, परशुराम वाटिका, तिलक नगर, भैरवघाट, परमट, सिविल लाइंस, वीआईपी रोड, फूलबाग और तपेश्वरी मंदिर समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया गया। इस दौरान मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनमोहन आर्या, जोनल स्वच्छता अधिकारी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
घाट पर गंदगी, सफाई नायक को नोटिस