कानपुर। उन्नत हृदय उपचार सुविधाओं को जनसामान्य तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ ने कानपुर में मासिक कार्डियोलॉजी ओपीडी सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा स्वरूप नगर स्थित कानपुर कार्डियोलॉजी सेंटर के सहयोग से संचालित की जाएगी, जिससे अब शहर और आसपास के मरीजों को विशेषज्ञ हृदय परामर्श के लिए बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस अवसर पर कार्डियो थोरेसिक वैस्कुलर सर्जरी के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. विशाल श्रीवास्तव और कानपुर कार्डियोलॉजी सेंटर के ओनर व कंसल्टेंट कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मनीष गुप्ता उपस्थित रहे। 22 वर्षों के अनुभव से समृद्ध डॉ. विशाल श्रीवास्तव अब हर महीने के पहले बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान वे मरीजों की प्राथमिक जांच, विस्तृत परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं प्रदान करेंगे।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि भारत में हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं और समय पर जांच व विशेषज्ञ परामर्श की कमी के कारण कई मामलों में स्थिति गंभीर हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस ओपीडी सेवा का उद्देश्य कानपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को उनके ही शहर में उच्च स्तरीय कार्डियक विशेषज्ञता उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज में देरी न हो और मरीजों को समय रहते उचित उपचार मिल सके।
उन्होंने हृदय रोग के लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि सीने में दर्द या भारीपन, जबड़े, बाएं कंधे, हाथ, कोहनी या पीठ में दर्द, सांस फूलना, ठंडा पसीना आना, मितली, अत्यधिक थकान, चक्कर आना या बेहोशी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये लक्षण व्यक्ति विशेष के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन समय रहते जांच कराने से गंभीर बीमारियों को रोका जा सकता है।
इस पहल के तहत मरीजों को न केवल परामर्श और जांच की सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें उन्नत उपचार विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी। इससे मरीजों को बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी और उन्हें बड़े शहरों में अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों की पहुंच छोटे शहरों तक सुनिश्चित की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
कानपुर में शुरू हुई कार्डियोलॉजी ओपीडी