कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय लापता बच्ची का शव खेत में गड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची सोमवार शाम बकरी चराने खेत गई थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर तलाश शुरू कराई, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर गेहूं के खेत में ताजी खुदी मिट्टी देखकर परिजनों को शक हुआ। मिट्टी हटाने पर बच्ची का शव दबा मिला। शव पर चोट के निशान पाए गए, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने गांव के ही एक युवक पर वारदात का आरोप लगाया और उसके घर में आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
पुलिस ने संदिग्ध पड़ोसी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
मासूम की हत्या से सनसनी