कानपुर। फूलबाग स्थित बालभवन प्रांगण में श्री वृन्दावन बिहारी जी फाउंडेशन के तत्वावधान में श्री बाँके बिहारी जी व श्याम प्रभु का अर्जी-प्रार्थना अनुष्ठान भव्यता के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे और पूरा परिसर भक्ति-भाव से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं द्वारा घर की रसोई में बनाए गए विभिन्न व्यंजनों से ठाकुर जी को भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर 56 भोग व सवामनी भोग लगाया गया। सैकड़ों महिलाएं सिर पर थाल में भोग लेकर भजन गाते हुए प्रभु के दरबार में पहुंचीं, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।भजन संध्या में भजन गायक सुनील स्नेही, विष्णु मिश्रा व भजन प्रवाहिका श्रीप्रिया ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। नंदगांव से आई भजन प्रवाहिका तुमानी शर्मा ने भी भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं वृंदावन की सखियों द्वारा प्रस्तुत महारास की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
फाउंडेशन के डॉ. धीरज आनंद ने बताया कि श्रद्धालु स्वेच्छा से घर से भोग बनाकर लाते हैं और प्रभु को अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कार्यक्रम का समापन गजरा आरती, पुष्पांजलि व क्षमा याचना के साथ हुआ।
इस अवसर पर मयंक गुप्ता, ओमप्रकाश मेहरोत्रा, अमित गुप्ता, स्वतंत्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, नंदकिशोर तोषनीवाल, शरद बाजपेई, सुधीर गुप्ता, विपुल त्रिवेदी, विजय केसरवानी, राजेश गुप्ता, विवेक गुप्ता, विशाल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे।
56 भोग संग श्याम प्रभु अनुष्ठान