कानपुर। के.के. गर्ल्स कॉलेज, किदवई नगर में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष सात दिवसीय शिविर के पंचम दिवस पर स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, योग, मतदाता जागरूकता और रैली जैसे विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की। दिन की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने शिविर स्थल और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों को पीटी और योगाभ्यास कराया गया, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया। श्रमदान के अंतर्गत भी स्वयंसेवकों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया।
बौद्धिक सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पी. जी. यादव तथा डॉ. शंभू कुमार (लॉ विभाग) ने स्वयंसेवकों को मतदाता जागरूकता के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और सभी को अपने मताधिकार का सही उपयोग करना चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज में लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कुछ स्वयंसेवकों ने भी मतदान जागरूकता से संबंधित अपने विचार और जानकारी साझा की।
परियोजना कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने गोद ली गई बस्ती नए पुरवा, नई बस्ती किदवई नगर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक मतदान के प्रति जागरूक करने वाले नारे लगाए। रैली में अंशिका केशरवानी और हर्ष कुमार प्रजापति ने आगे बढ़कर “जन-जन का यह नारा है, मतदान अधिकार हमारा है” तथा “वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है” जैसे नारे लगाए। वहीं काजल और नैंसी ने बैनर संभालने में सहयोग किया।
भोजन सत्र के दौरान फूड कमेटी के सदस्य निहारिका, प्राची और आयुष गुप्ता सहित अन्य स्वयंसेवकों ने मिलकर भोजन तैयार किया। सभी स्वयंसेवकों ने मिलकर भोजन ग्रहण किया और इसके बाद कुछ समय विश्राम किया।
सायंकालीन सत्र में दिनभर की गतिविधियों की समीक्षा की गई, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का समापन लक्ष्यगीत के साथ हुआ। पूरा कार्यक्रम कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पी. जी. यादव और डॉ. शंभू कुमार (लॉ विभाग) के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
एनएसएस शिविर में मतदाता जागरूकता पर रैली और बौद्धिक सत्र आयोजित